Home Awareness Campaigns Clean City – Green City हल्द्वानी के 17 स्कूलों में सफाई अभियान का आयोजन।
Awareness Campaigns

हल्द्वानी के 17 स्कूलों में सफाई अभियान का आयोजन।

  • calendar_month 01,OCT 2018
हल्द्वानी के 17 स्कूलों में सफाई अभियान का आयोजन।

हल्द्वानी। गो क्लीन गो ग्रीन लेट्स मेक इट हैपन और अमर उजाला फाउंडेशन के स्वच्छ हल्द्वानी सुंदर हल्द्वानी महाअभियान के तहत सोमवार, 01 अक्टूबर को 17 स्कूलों में सफाई की गई। संस्था के अध्यक्ष मनोज नेगी बताया कि सभी स्कूलों के आसपास एक किलोमीटर के दायरे में स्वच्छता अभियान चला। संस्था के प्रतिनिधियों के निर्देशन में स्वच्छता अभियान चलाया गया। सभी स्थानों से कूड़ा एकत्रित कर नगर निगम के वाहनों में भेजा गया। मंगलवार को समूचे शहर में स्वच्छता महा अभियान चलाया जाएगा।

हल्द्वानी को कूड़ा मुक्त करने के लिए मंगलवार को करीब 60 टीमें ‘शहर हमारा, संवारेंगे भी हम’ के संकल्प के साथ शहर में सफाई के महा अभियान में जुटेंगी। अमर उजाला फाउंडेशन और गो क्लीन, गो ग्रीन के संयुक्त पहल का सहयोग करने पर शहर की अधिकतर स्वयं सेवी संस्थाएं, अर्द्ध सैनिक बल, स्कूल, एनएसएस, आईएमए, केमिस्ट एसोसिएशन  और अन्य लोगों ने सहमति दी है। यह पहली बार है कि शहर की सफाई के लिए इतनी बड़ी संख्या में एक साथ कई लोग जुट रहे हैं। शहर में कूड़ा का निस्तारण न होने की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। नगर निगम की ओर से कराए गए अध्ययन से ही साबित हो रहा है कि शहर में करीब 40 प्रतिशत कूड़ा नहीं उठ रहा है। यह कूड़ा शहर में चौराहों, गलियों, कालोनियों के बीच के खाली पड़े प्लाटों, सड़क के किनारे आदि स्थानों में डंप किया जा रहा है। एक बार जहां कूड़ा दिखता है, उसके बाद उस जगह पर कूड़े का ढेर लगने में देर नहीं लगती। यही कूड़ा शहर के लिए अभिशाप भी बन रहा है। 

दो अक्तूबर को इसी कूड़े के खिलाफ अभियान है स्वच्छ हल्द्वानी और सुंदर हल्द्वानी। इस अभियान के तहत मंगलवार को काठगोदाम से लेकर शहर के दूसरे छोर तीन पानी, कालाढूंगी रोड पर कालू सिद्ध मंदिर से लेकर लाल डांट तक, बरेली रोड पर देवलचौड़ तक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।  अभियान की खास बात यह भी है कि इसमें अर्द्ध सैनिक बल भी शामिल हो रहा है। आईटीबीपी, सीआरपीएफ, एसएसबी के जवान भी इस शहर को कूड़ा मुक्त करने के लिए श्रमदान करेंगे।

स्वच्छता के कर्मठ योद्धा सुबह छह बजे से मैदान में उतर जाएंगे। संकल्प यही है कि जो भी काम हाथ में लिया गया है उसे साढ़े नौ बजे तक समाप्त कर लिया जाए। इसके बाद सभी प्रतिभागी राजकीय मेडिकल कालेज के मैदान में इकठ्ठा होंगे। सफाई का यह अभियान वैसे तो पिछले 65 सप्ताह से जारी है। इसी क्रम को अब वृहत स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। यहां पर स्वच्छता के कर्मठ योद्धा अपने अनुभव भी साझा करेंगे।

संकल्प यह भी है कि किसी भी जगह से उठाया गया कूड़ा ट्रंचिंग ग्राउंड में ही डंप किया जाए। इसके लिए नगर निगम ने सहमति दी है। हर जगह कूड़े को उठाने के लिए निगम की ट्रैक्टर ट्रालियां मौजूद रहेंगी। यह अभियान सिर्फ कूड़े के खिलाफ जंग नहीं है। अभियान कूड़े को ‘ढेर’ में बदलने की मानसिकता के खिलाफ भी है। इसीलिए स्वच्छता के कर्मठ योद्धा एक शपथ पत्र भी भरेंगे और भरवाएंगे। हमारा मानना है कि देश स्वच्छ तभी होगा जब उसके नागरिक गंदगी न तो करते हैं और न ही होने देते हैं।

0 comments
f Facebook Comments Plugin
Latest News

Related Atricles

no-img
50K+
Activities
no-img
5L+
Beneficiaries
no-img
170+
District Covered
arrow_upward