गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित गुलमोहर गार्डन सोसायटी में शनिवार, 4 जनवरी, 2020 को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में स्थानीय लोगों ने एसपी सिटी डॉ. मनीष मिश्र और नगर मजिस्ट्रेट शिव प्रताप शुक्ला के सामने अपनी समस्याएं रखीं। एसपी सिटी ने प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए आश्वस्त करते हुए कहा कि रास्ते में खड़े होकर शराब पीने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सोसायटी के लोगों ने कहा कि यहां पर सबसे बड़ी समस्या महिलाओं के लिए होती है। सोसायटी से थोड़ी दूरी पर शराब का ठेका है। लोग कार में बैठकर शराब पीते हैं और अभद्र टिप्पणी करते हैं। रास्ते में गाड़ियां खड़ी होने के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। महिलाएं शराबियों के डर के कारण वापस लौट आती हैं। उन्होंने मांग की है कि शराब के ठेके को बंद किया जाए या पुलिस रास्ते में खड़े होकर शराब पीने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करे। लोगों ने यह भी कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब की दुकानें नहीं खुलनी चाहिए। इसके अलावा लोगों ने लगातार बढ़ रहे साइबर क्राइम को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि लगातार लोगों के साथ ठगी हो रही है।
सोशल मीडिया भी एक बड़ी समस्या बन गई है। इन सबका कैसे समाधान किया जाए। ठगी के बाद बैंक के अधिकारी कोई सुनवाई नहीं करते। सोसायटी के पदाधिकारियों ने कहा कि काफी संख्या में ऐसे लोग रह रहे हैं जिन्होंने अभी तक सत्यापन नहीं कराया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि सभी का सत्यापन कराया जाए। लोगों ने कहा कि राजनगर एक्सटेंशन में जाम की सबसे बड़ी समस्या है। लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं। इस दौरान सुदीप शाही, अवधेश मित्तल, सुदीप द्विवेदी, वरुण गोयल, निवेश गर्ग, प्रदीप कुमार, श्यामल चंदा आदि मौजूद रहे।
एसपी सिटी डॉ. मनीष मिश्र ने कहा कि सड़क किनारे खड़े होकर शराब पीने वाले सभी लोगों को हवालात भेजा जाएगा। इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। पिछले एक महीने में खुले में शराब पीने वाले 3500 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। एसपी सिटी ने सिहानीगेट थाना प्रभारी को तत्काल ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए। साइबर अपराध को लेकर उन्होंने लोगों से कहा कि सभी को जागरूक होने की आवश्यकता है। बिना जागरूकता के नेट बैंकिंग से काम न करें।
कोई भी अंजान व्यक्ति आपसे पासवर्ड पूछता है तो बिलकुल न बताएं। कई बार लोग बैंक से फोन समझकर आसानी से पासवर्ड बता देते हैं। उन्होंने कहा कि ठगी होने पर तत्काल बैंक में शिकायत करें। एटीएम ब्लॉक कराएं। नए लड़के-लड़कियां सोशल मीडिया का सही उपयोग करें। यातायात नियमों का पालन करें। सिटी मजिस्ट्रेट शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा। स्थानीय समस्याओं को जल्द दूर किया जाएगा।
लोगों ने की चौकी की मांग
अमर उजाला पुलिस की चौपाल में लोगों ने एसपी सिटी और नगर मजिस्ट्रेट से राजनगर एक्सटेंशन में चौकी बनवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यहां काफी आबादी रहती है लेकिन कोई भी पुलिस चौकी नहीं है। इस कारण लोगों को काफी परेशानी होती है। दोनों अधिकारियों ने समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
बच्चों को किया सम्मानित
पुलिस की चौपाल के दौरान न्यू ईयर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले सोसायटी के बच्चों को एसपी सिटी और नगर मजिस्ट्रेट ने ट्राफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान बच्चे काफी खुश नजर आए।
सोसायटी के बाहर शराब पीने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, जिससे महिलाओं को शॉपिंग करने में कोई दिक्कत न हो। - रेनू
पुलिस सोसायटी में खुले शराब के ठेकों को बंद कराए। इससे महिलाएं और सोसायटी के लोग सुरक्षित रह सकते हैं। - वेदपाल त्यागी
साइबर क्राइम बड़ी समस्या है। लोगों के साथ आए दिन ठगी की घटनाएं हो रही हैं। ऐसी घटनाओं पर पुलिस को लगाम लगाना चाहिए। - प्रशांत श्रीवास्तव
बिना सत्यापन के सोसायटी में रह रहे लोगों का पुलिस सत्यापन कराए। अमर उजाला को ऐसा कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए आभार। वह लोगों की समस्याएं इसी तरह से उठाता रहे। - एसके गर्ग

हाथरस। मेंडू रोड स्थित माया इंस्टीट्यूट में अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत एक दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य प्रशिक्षक सिहान एमएस समुराई ने छात्राओं से कहा कि जब कोई सड़क पर परेशान करे तो घबराएं नहीं, बल्कि उसे मुंह तोड़ जवाब दें। इसके लिए खुद की रक्षा करना सीखें।
उन्होंने कहा कि छेड़खानी और घरेलू हिंसा जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अपराधी अक्सर लड़कियों को सॉफ्ट टारगेट (कमजोर) मानकर निशाना बनाते हैं। ऐसे अपराधियों को मुंह तोड़ जवाब देने के लिए मार्शल आर्ट एक शानदार और बेहद असरदार कला है। इसे सीखकर महिलाएं न सिर्फ शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकती हैं, बल्कि अपनी रक्षा भी खुद कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को पंच, किक और ब्लॉकिंग के व्यावहारिक दांव-पेच सिखाए। बताया कि अगर कोई अचानक हमला कर दे, तो बैग में मौजूद पेन या पिन भी एक हथियार बन सकता है। इन तकनीकों का नियमित अभ्यास करने की अपील की। वुमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्प डेस्क 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और डायल 112 के प्रयोग के बारे में जागरूक किया गया। प्रधानाचार्या डॉ. शकुंतला, श्वेता सेंगर, निर्मल, चेष्ठा दीक्षित, नेहा सिंह, कल्पना निगम, साक्षी दीक्षित, खुशी सिंह, संघमित्रा, बीनेश, अजय वीर सिंह और भरत कुमार मौजूद रहे।

इगलास। अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले इगलास सीएचसी में रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में 28 लोगों ने रक्तदान कर लोगों को जागरूक किया। शिविर का शुभारंभ अधीक्षक डॉ. ज्योति शर्मा व सीएचसी बेसवां के अधीक्षक डॉ. मनोज चतुर्वेदी ने किया। उन्होंने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन की पहल सराहनीय है। कस्बे के डॉक्टर, पुलिस कर्मियों के साथ अन्य लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले गौरव शर्मा, देवराज, अभिषेक, योगेंद्र नगाइच, मोहित बंसल, संतोष अग्रवाल, सोनू, प्रवीण प्रकाश गौड़, गोपाल कृष्ण, डॉ. दुष्यंत कुमार, डॉ. राहुल गुप्ता, शिवप्रकाश गौड़, लव कुमार चतुर्वेदी, चंद्र प्रकाश, राजकिशोर उपाध्याय, ललित कुमार, डॉ. बहादुर सिंह, अर्जुन, डॉ. मनोज चतुर्वेदी, विशाल उपाध्याय, विक्रमजीत, भारती सक्सेना, व्यवसायी प्रमोद अग्रवाल, तारावती अग्रवाल व अन्य थे। शिविर में रक्त संग्रह के लिए मलखान सिंह से डॉ. नूरा, अक्षय कुमार सेंगर, शुभम, प्रीति, अरविंद, नितिन व प्रीतम शामिल रहे।

सहपऊ। गांव समदपुर के आंगनबाड़ी केंद्र पर अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 112 बच्चों की सेहत जांची गई। बच्चों की उम्र एवं लंबाई के अनुसार वजन, आंख, नाक-कान, गला, हृदय की धड़कन एवं पल्स रेट की जांच की गई। सभी बच्चे स्वस्थ मिले। इस दौरान डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. राजेश, डॉ. आशा मितरा, डॉ. नीलम, रजनी, आंगनबाड़ी केंद्र से मधुर, विवेक एवं सुमन मौजूद रहीं।
चंडीगढ़। महिला क्रिकेट विश्व कप की गूंज के बीच चंडीगढ़ की युवा महिला क्रिकेटरों में भी उत्साह चरम पर है। नेट्स पर पसीना बहा रही शहर की बेटियों की आंखों में अब एक ही सपना है-टीम इंडिया की नीली जर्सी। इस सपने को नई उड़ान दी है शहर की बेटी और भारतीय टीम की तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने, जिनकी सफलता युवा क्रिकेटरों के लिए मिसाल बन गई है। क्रिकेट में बेटियां खूब चौके-छक्के मार रही हैं। हालांकि इन सपनों के साथ एक टीस भी जुड़ी है। खिलाड़ियों का कहना था कि यूटी क्रिकेट एसोसिएशन बनने के बाद सुविधाओं में सुधार जरूर हुआ है लेकिन अभी भी लड़कियों को लड़कों के बराबर अवसर और संसाधन नहीं मिल पा रहे हैं। जहां लड़कों को बेहतर स्टेडियम और आधुनिक सुविधाएं मिलती हैं, वहीं लड़कियां आज भी सीमित संसाधनों के बीच अपनी मंजिल तलाशने को मजबूर हैं। अमर उजाला अपराजिता कार्यक्रम में सेक्टर-9 में जुटीं चंडीगढ़ की वरिष्ठ और उभरती महिला क्रिकेटरों ने अपने अनुभव साझा किए। महिला क्रिकेटरों ने कहा कि अवसर और सुविधाएं बराबर मिलें तो वे साबित कर देंगी कि प्रतिभा किसी से कम नहीं है, बस उसे निखारने के लिए सही मंच की जरूरत है। सीपीएल में मंच न मिलने का मलाल युवा खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा निराशा चंडीगढ़ प्रीमियर लीग (सीपीएल) में महिला वर्ग को अपेक्षित मंच नहीं मिलने पर जताई। उनका कहना था कि चार टीमों वाली यह लीग महिला क्रिकेट के लिए बड़ा अवसर बन सकती थी। इससे खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मैच मिलते और नई प्रतिभाओं को पहचान बनाने का मौका मिलता। लड़कियों को सीमित विकल्पों में करना पड़ रहा अभ्यास इशाना चड्ढा और प्रियंका ने कहा कि जहां लड़कों को अभ्यास के लिए बेहतर स्टेडियम और सुविधाएं मिलती हैं, वहीं लड़कियों को सीमित विकल्पों में अभ्यास करना पड़ता है। ट्विंकल पाठक, यशिका साहनी और इशाना ने मांग की कि महिला खिलाड़ियों को भी अच्छे और समतल मैदान उपलब्ध कराए जाएं ताकि चोट का खतरा कम हो और प्रदर्शन बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से ही अगली नंदिनी शर्मा निकलेंगी। नंदिनी की सफलता युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा अंडर-15 और अंडर-17 खिलाड़ी अदिति श्योराण ने कहा कि नंदिनी शर्मा जैसी खिलाड़ियों की सफलता युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इससे यह भरोसा बढ़ता है कि चंडीगढ़ से भी राष्ट्रीय टीम तक पहुंचा जा सकता है। वहीं अंडर-19 खिलाड़ी मानवी का कहना है कि प्रतिभा को निखारने के लिए सुविधाओं के साथ-साथ नियमित और अधिक प्रतिस्पर्धी मैचों का आयोजन भी जरूरी है। युवा क्रिकेटरों ने कहा है कि अगर उन्हें बेहतर मैदान, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और पर्याप्त मैच मिलें तो चंडीगढ़ से भविष्य में और भी नंदिनी शर्मा निकल सकती हैं। विश्व कप के माहौल ने इन बेटियों के सपनों को नई उड़ान दी है, अब जरूरत उन सपनों को साकार करने के लिए मजबूत मंच और अवसर देने की है। सोनाक्षी और लावन्या जैसी युवा खिलाड़ियों ने भी ट्रायल और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अपनी राय रखी।

कानपुर। अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता अभियान के तहत उत्कर्ष नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज परसौली गल्ला मंडी में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। योगाचार्य एचपी सिंह, सहयोगी शिवांगी और पारुल ने जीएनएम, बीएससी नर्सिंग व पैरामेडिकल छात्राओं को अनुलोम-विलोम, कपालभाति, बटरफ्लाई व ताड़ासन का अभ्यास कराया तथा योग के लाभ बताए। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है और तनाव कम होता है। कार्यक्रम में कॉलेज के चेयरमैन डॉ. राजेश त्रिवेदी, डायरेक्टर डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी, डॉ. यशस्वनी त्रिवेदी व प्राचार्य इंद्रावती चतुर्वेदी मौजूद रहीं। अतिथियों ने छात्राओं को योग को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।