अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शनिवार, 8 जून, 2019 को ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हवेलिया वैलेंसिया होम्स सोसायटी में पुलिस की चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में पुलिस क्षेत्राधिकारी तृतीय (सीओ) राजीव कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनकर उनका जवाब दिया। वहीं, सुरक्षित माहौल देने का भरोसा दिलाया। साथ ही लोगों से भी सोसायटी की आंतरिक और वाह्य सुरक्षा पर ध्यान देने की बात भी कही।
सोसायटी के मैनेजर सर्वेश नागर और असिस्टेंट मैनेजर रजत शर्मा ने सीओ और एसएसआई बिसरख कोतवाली रामपाल सिंह का स्वागत किया। सीओ ने कहा कि ग्रेनो वेस्ट अभी विकसित हो रहा है और जनसंख्या बढ़ रही है। ऐसे में क्षेत्रफल की जगह जनसंख्या के हिसाब से पुलिस सुरक्षा व्यवस्था करने की रणनीति तैयार कर रही है। यहां अपराध नियंत्रण के लिए बदमाशों के प्रवेश वाले रास्तों को चिह्नित किया गया है। साथ ही विजय नगर बार्डर पर अस्थायी पुलिस चौकी बनाने के साथ पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है।
वहीं, बिसरख के पास बने नए पुल पर भी पुलिस चेकिंग शुरू कर दी गई है। कहा कि अपराधियों को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने सोसायटी के अंदर आपसी तालमेल से छोटे विवादों को निपटाने की अपील की। कार्यक्रम मैनेजर मीडिया ब्रांड डेवलपमेंट अश्वनी कुमार ने सहयोग किया। हवेलिया ग्रुप के चेयरमैन रतन हवेलिया ने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन की यह अच्छी पहल है। इस तरह के कार्यक्रम में पूरा सहयोग किया जाएगा। वहीं, स्थानीय निवासी अशोक कुमार ने अमर उजाला का धन्यवाद किया।
सीओ ने बताए सुरक्षा के उपाय
- सोसायटी के गेट पर बाहर की तरफ सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त रोशनी होनी चाहिए।
- सोसायटी के बाहर पार्किंग के पास सुरक्षाकर्मी तैनात होने चाहिए।
- सभी सुरक्षाकर्मी प्रशिक्षित होने चाहिए। साथ ही स्थानीय लोगों को उनका सहयोग करना चाहिए।
- दिल्ली व एयरपोर्ट जाते समय जो सोच होती है, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वही सोच यहां भी होनी चाहिए।
- छोटे लालच में न आकर नौकर, चालक आदि का सत्यापन जरूर कराएं। साथ ही किसी पंजीकृत एजेंसी से लें।
- छोट-छोटे झगड़ों को स्वयं निपटा लें, पुलिस को बड़े अपराध रोकने पर काम करने दें।
- फायर फाइटिंग सिस्टम की बेसिक जानकारी होनी चाहिए, इसका प्रशिक्षण लें।
- अपने बच्चों को जागरूक बनाएं, आपका नंबर उनको पता होना चाहिए।
लोगों के सवाल
राज्य या देश की सरकार बदलने से पुलिस की कार्यशैली में बदलाव आता है। या फिर पुलिस उसी कार्यशैली पर चलती है। - प्रकाश बाजपेयी
जवाब : सरकार बदलने से फर्क पड़ता है। पुलिस संविधान व कानून के हिसाब से चलती है। सकारात्मक कार्य की दिशा में कार्य कर रही है।
हाल ही में एक कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी कर लिया गया। पुलिस अभी तक उसका खुलासा नहीं कर सकी है। ऐसी घटनाओं का खुलासा होगा या नहीं, साथ ही इन पर रोक लगेगी या नहीं। - तिलकराम शर्मा
जवाब : लुटेरे रडार पर हैं। अपराध शून्य नहीं किया जा सकता, लेकिन कम करने का प्रयास जारी है। अब अपराधियों में डर है, वो पीछे हट रहे हैं।
आपसी समस्याओं को सुलझा लिया जाता है, लेकिन सोसायटी मैनेजमेंट स्तर की समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पाता। इस पर भी पुलिस को हस्तक्षेप करना चाहिए। - डॉ. शैयद अंसारी
जवाब : यह बिल्डर स्तर का मामला है। बिल्डर मैनेजमेंट के सामने अपनी बात रखिए। पुलिस भी बिल्डरों को समय-समय पर निर्देशित करती रहती है।
मैं नोएडा मेट्रो से ऑटो लेकर सोसायटी आता हूं। ऑटो चालक बीच में कई सवारी बैठा लेता है और इंकार करने पर धमकी देेते हैं। ऑटो चालकों की मनमानी बढ़ती जा रही है। एक मूर्ति गोल चक्कर से आगे तो लूट भी लेते हैं। - मयंक
जवाब : नोएडा की तरह यहां पर ऑटो के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। उनके परमिट की जांच होगी। साथ ही नाम, नंबर, फोटो, पता, कोड समेत पूरी जानकारी की सूची अपनी सीट के पीछे लगानी होगी।
सोसायटी के बाहर झुग्गियां बनी हैं। उस तरफ की दीवार की ऊंचाई काफी कम है। ऐसे में हम किसका इंतजार कर रहे हैं, घटना का या फिर कौन उसको हटाएगा। इस समस्या से कैसे निजात मिलेगी। - दीप्ति मिश्रा
जवाब : वह जमीन किसकी है, इसका पता कराया जाएगा। नोटिस भेजकर उसे खाली करवाया जाएगा। सोसायटी के सुरक्षाकर्मियों को भी चौकस रहना होगा।
चेन स्नेचिंग की वारदात बढ़ती जा रही हैं। रात तो दूर की बात अब दिन में सोसायटी से बाहर जाने में डर लगता है। पुलिस को इस पर लगाम लगानी होगी। - निक्की सिंह
जवाब : पुलिस प्रयास कर रही है। चेन स्नेचिंग की वारदात पर अंकुश लगा है। कुछ बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। ग्रेनो वेस्ट को अपराध मुक्त करने का प्रयास किया जा रहा है।

हाथरस। मेंडू रोड स्थित माया इंस्टीट्यूट में अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत एक दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य प्रशिक्षक सिहान एमएस समुराई ने छात्राओं से कहा कि जब कोई सड़क पर परेशान करे तो घबराएं नहीं, बल्कि उसे मुंह तोड़ जवाब दें। इसके लिए खुद की रक्षा करना सीखें।
उन्होंने कहा कि छेड़खानी और घरेलू हिंसा जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अपराधी अक्सर लड़कियों को सॉफ्ट टारगेट (कमजोर) मानकर निशाना बनाते हैं। ऐसे अपराधियों को मुंह तोड़ जवाब देने के लिए मार्शल आर्ट एक शानदार और बेहद असरदार कला है। इसे सीखकर महिलाएं न सिर्फ शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकती हैं, बल्कि अपनी रक्षा भी खुद कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को पंच, किक और ब्लॉकिंग के व्यावहारिक दांव-पेच सिखाए। बताया कि अगर कोई अचानक हमला कर दे, तो बैग में मौजूद पेन या पिन भी एक हथियार बन सकता है। इन तकनीकों का नियमित अभ्यास करने की अपील की। वुमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्प डेस्क 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और डायल 112 के प्रयोग के बारे में जागरूक किया गया। प्रधानाचार्या डॉ. शकुंतला, श्वेता सेंगर, निर्मल, चेष्ठा दीक्षित, नेहा सिंह, कल्पना निगम, साक्षी दीक्षित, खुशी सिंह, संघमित्रा, बीनेश, अजय वीर सिंह और भरत कुमार मौजूद रहे।

इगलास। अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले इगलास सीएचसी में रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में 28 लोगों ने रक्तदान कर लोगों को जागरूक किया। शिविर का शुभारंभ अधीक्षक डॉ. ज्योति शर्मा व सीएचसी बेसवां के अधीक्षक डॉ. मनोज चतुर्वेदी ने किया। उन्होंने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन की पहल सराहनीय है। कस्बे के डॉक्टर, पुलिस कर्मियों के साथ अन्य लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले गौरव शर्मा, देवराज, अभिषेक, योगेंद्र नगाइच, मोहित बंसल, संतोष अग्रवाल, सोनू, प्रवीण प्रकाश गौड़, गोपाल कृष्ण, डॉ. दुष्यंत कुमार, डॉ. राहुल गुप्ता, शिवप्रकाश गौड़, लव कुमार चतुर्वेदी, चंद्र प्रकाश, राजकिशोर उपाध्याय, ललित कुमार, डॉ. बहादुर सिंह, अर्जुन, डॉ. मनोज चतुर्वेदी, विशाल उपाध्याय, विक्रमजीत, भारती सक्सेना, व्यवसायी प्रमोद अग्रवाल, तारावती अग्रवाल व अन्य थे। शिविर में रक्त संग्रह के लिए मलखान सिंह से डॉ. नूरा, अक्षय कुमार सेंगर, शुभम, प्रीति, अरविंद, नितिन व प्रीतम शामिल रहे।

सहपऊ। गांव समदपुर के आंगनबाड़ी केंद्र पर अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 112 बच्चों की सेहत जांची गई। बच्चों की उम्र एवं लंबाई के अनुसार वजन, आंख, नाक-कान, गला, हृदय की धड़कन एवं पल्स रेट की जांच की गई। सभी बच्चे स्वस्थ मिले। इस दौरान डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. राजेश, डॉ. आशा मितरा, डॉ. नीलम, रजनी, आंगनबाड़ी केंद्र से मधुर, विवेक एवं सुमन मौजूद रहीं।
चंडीगढ़। महिला क्रिकेट विश्व कप की गूंज के बीच चंडीगढ़ की युवा महिला क्रिकेटरों में भी उत्साह चरम पर है। नेट्स पर पसीना बहा रही शहर की बेटियों की आंखों में अब एक ही सपना है-टीम इंडिया की नीली जर्सी। इस सपने को नई उड़ान दी है शहर की बेटी और भारतीय टीम की तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने, जिनकी सफलता युवा क्रिकेटरों के लिए मिसाल बन गई है। क्रिकेट में बेटियां खूब चौके-छक्के मार रही हैं। हालांकि इन सपनों के साथ एक टीस भी जुड़ी है। खिलाड़ियों का कहना था कि यूटी क्रिकेट एसोसिएशन बनने के बाद सुविधाओं में सुधार जरूर हुआ है लेकिन अभी भी लड़कियों को लड़कों के बराबर अवसर और संसाधन नहीं मिल पा रहे हैं। जहां लड़कों को बेहतर स्टेडियम और आधुनिक सुविधाएं मिलती हैं, वहीं लड़कियां आज भी सीमित संसाधनों के बीच अपनी मंजिल तलाशने को मजबूर हैं। अमर उजाला अपराजिता कार्यक्रम में सेक्टर-9 में जुटीं चंडीगढ़ की वरिष्ठ और उभरती महिला क्रिकेटरों ने अपने अनुभव साझा किए। महिला क्रिकेटरों ने कहा कि अवसर और सुविधाएं बराबर मिलें तो वे साबित कर देंगी कि प्रतिभा किसी से कम नहीं है, बस उसे निखारने के लिए सही मंच की जरूरत है। सीपीएल में मंच न मिलने का मलाल युवा खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा निराशा चंडीगढ़ प्रीमियर लीग (सीपीएल) में महिला वर्ग को अपेक्षित मंच नहीं मिलने पर जताई। उनका कहना था कि चार टीमों वाली यह लीग महिला क्रिकेट के लिए बड़ा अवसर बन सकती थी। इससे खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मैच मिलते और नई प्रतिभाओं को पहचान बनाने का मौका मिलता। लड़कियों को सीमित विकल्पों में करना पड़ रहा अभ्यास इशाना चड्ढा और प्रियंका ने कहा कि जहां लड़कों को अभ्यास के लिए बेहतर स्टेडियम और सुविधाएं मिलती हैं, वहीं लड़कियों को सीमित विकल्पों में अभ्यास करना पड़ता है। ट्विंकल पाठक, यशिका साहनी और इशाना ने मांग की कि महिला खिलाड़ियों को भी अच्छे और समतल मैदान उपलब्ध कराए जाएं ताकि चोट का खतरा कम हो और प्रदर्शन बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से ही अगली नंदिनी शर्मा निकलेंगी। नंदिनी की सफलता युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा अंडर-15 और अंडर-17 खिलाड़ी अदिति श्योराण ने कहा कि नंदिनी शर्मा जैसी खिलाड़ियों की सफलता युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इससे यह भरोसा बढ़ता है कि चंडीगढ़ से भी राष्ट्रीय टीम तक पहुंचा जा सकता है। वहीं अंडर-19 खिलाड़ी मानवी का कहना है कि प्रतिभा को निखारने के लिए सुविधाओं के साथ-साथ नियमित और अधिक प्रतिस्पर्धी मैचों का आयोजन भी जरूरी है। युवा क्रिकेटरों ने कहा है कि अगर उन्हें बेहतर मैदान, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और पर्याप्त मैच मिलें तो चंडीगढ़ से भविष्य में और भी नंदिनी शर्मा निकल सकती हैं। विश्व कप के माहौल ने इन बेटियों के सपनों को नई उड़ान दी है, अब जरूरत उन सपनों को साकार करने के लिए मजबूत मंच और अवसर देने की है। सोनाक्षी और लावन्या जैसी युवा खिलाड़ियों ने भी ट्रायल और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अपनी राय रखी।

कानपुर। अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता अभियान के तहत उत्कर्ष नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज परसौली गल्ला मंडी में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। योगाचार्य एचपी सिंह, सहयोगी शिवांगी और पारुल ने जीएनएम, बीएससी नर्सिंग व पैरामेडिकल छात्राओं को अनुलोम-विलोम, कपालभाति, बटरफ्लाई व ताड़ासन का अभ्यास कराया तथा योग के लाभ बताए। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है और तनाव कम होता है। कार्यक्रम में कॉलेज के चेयरमैन डॉ. राजेश त्रिवेदी, डायरेक्टर डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी, डॉ. यशस्वनी त्रिवेदी व प्राचार्य इंद्रावती चतुर्वेदी मौजूद रहीं। अतिथियों ने छात्राओं को योग को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।