आगरा। अमर उजाला फाउंडेशन की ‘पुलिस की पाठशाला’ राधाबल्लभ पब्लिक स्कूल, अमर विहार (दयालबाग) में लगी। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अजय मोहन शर्मा शिक्षक (मुख्य वक्ता) थे। उन्होंने ‘अपराध’ की परिभाषा बताई और ‘अपराधियों’ व्याख्या की। बताया कि अपराधी कायर होते हैं। वे चोरी छिपे, रात में और चेहरा छिपाकर सक्रिय होते हैं। इसलिए कायरों से डरना नहीं चाहिए।
पुलिस आपके साथ है। अच्छे लोग डरे तो अपराधियों का मनोबल बढ़ेगा। डीआईजी ने बताया कि जिस काम को करने के लिए मन गवाही न दे रहा हो, जिससे दूसरों को हानि पहुंचे, वही अपराध है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सचेत किया कि इंटरनेट का इस्तेमाल काम की चीजों के लिए करें। कोई गलत बात, समाज को बांटने वाले मैसेज शेयर न करें। यह साइबर क्राइम हो सकता है। पुलिस में आने से पहले प्रोफेसर रहे अजय मोहन शर्मा ने अपना संवाद शैली से क्लास के हर विद्यार्थी को पाठ से जोड़े रखा। नतीजा न केवल उनके हर सवाल पर जवाब आए बल्कि आखिर में स्टूडेंट्स ने सवालों की झड़ी भी लगा दी। ये सवाल पुलिस की कार्य प्रणाली और व्यवहार को पर थे। डीआईजी ने कभी तर्क, कभी दृष्टांत तो कभी कानून की व्याख्या से सभी की जिज्ञासाएं शांत कीं।
इससे पहले राधाबल्लभ ग्रुप आफ स्कूल्स के डायरेक्टर डा. प्रदीप मिश्र ने अतिथियों का स्वागत किया। जिला पुलिस के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूल के प्रधानाचार्य एसके सिंह व टीचरअनीता अग्रवाल, सुषमा शर्मा, शिल्पा सक्सेना, रागिनी श्रीवास्तव, विपिन अवस्थी, सुमित त्रेहान, नीरज मिश्रा, गौरव सिंह, गौरव गर्ग, नितिन मित्तल आदि भी सहभागी रहे।
स्कूलों को दी जा रही धमकी के संबंध में डीआईजी ने कहा कि विद्यार्थियों को इससे डरना नहीं चाहिए। जो भी धमकी दे रहा है, उसका मकसद डराना है ताकि व्यवस्था भंग हो। पेरिस में आतंकी हमले के बाद लोगों के उसे रेस्त्रां में जुटने का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि कोई न डरे तो वह नाकामयाब हो जाएगा। हां, सचेत रहें। अफवाहों से बचें। किसी की गतिविधि संदिग्ध लगे तो पुलिस को सूचना दें, शिक्षकों को बताएं। कभी कुछ हो जाए तो भी संयत रहें। भगदड़ न मचाएं। भगदड़ से जान-माल का नुकसान होता है।
डीआईजी ने कहा कि पुलिस जनता को डराने के लिए नहीं, बल्कि सबकी मित्र है। वह कोशिश करेंगे कि स्कूली बच्चों को पुलिस लाइन और थानों का भ्रमण कराया जाए। ताकि वह पुलिस के कामकाज को समझ सकें। देख सकें कि किस तरह पुलिस उनके लिए 24 घंटे काम करती है। मंडलीय उप शिक्षा निदेशक आरपी शर्मा ने विद्यार्थियों को समझाया कि वह मोबाइल फोन और इंटरनेट का इस्तेमाल सावधानी से करें। उनकी छोटी गलती भी अपराध की श्रेणी में आ सकती है। कई बार युवा मजाक में अपराध कर बैठते हैं। इससे बचना चाहिए।
पुलिस की पाठशाला अभिनव प्रयास है जो देश-समाज में कानून पंसंद नागरिकों की जमात गढ़ने की कोशिश है। अमर उजाला फाउंडेशन की सोच को सलाम। इसे और व्यापक बनाने में सहयोग करेंगे। -प्रदीप मिश्र, निदेशक, राधाबल्लभ ग्रुप आफ स्कूल्स
ये सलाह भी दी
• लावारिस चीजों की सूचना दें।
• संभव हो तो फोन को न बेचें।
• बुरे लोगों की सोहबत से बचें।
• हेलमेट लगाकर वाहन चलाएं।
ये हैं जरूरी नंबर:
100: अपराध, इसकी आशंका. संदिग्ध गतिविधि की सूचना के लिए।
1090: महिलाओं के साथ छेड़छाड़ या अपराधों में शिकायत के लिए।

हाथरस। मेंडू रोड स्थित माया इंस्टीट्यूट में अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत एक दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य प्रशिक्षक सिहान एमएस समुराई ने छात्राओं से कहा कि जब कोई सड़क पर परेशान करे तो घबराएं नहीं, बल्कि उसे मुंह तोड़ जवाब दें। इसके लिए खुद की रक्षा करना सीखें।
उन्होंने कहा कि छेड़खानी और घरेलू हिंसा जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अपराधी अक्सर लड़कियों को सॉफ्ट टारगेट (कमजोर) मानकर निशाना बनाते हैं। ऐसे अपराधियों को मुंह तोड़ जवाब देने के लिए मार्शल आर्ट एक शानदार और बेहद असरदार कला है। इसे सीखकर महिलाएं न सिर्फ शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकती हैं, बल्कि अपनी रक्षा भी खुद कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को पंच, किक और ब्लॉकिंग के व्यावहारिक दांव-पेच सिखाए। बताया कि अगर कोई अचानक हमला कर दे, तो बैग में मौजूद पेन या पिन भी एक हथियार बन सकता है। इन तकनीकों का नियमित अभ्यास करने की अपील की। वुमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्प डेस्क 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और डायल 112 के प्रयोग के बारे में जागरूक किया गया। प्रधानाचार्या डॉ. शकुंतला, श्वेता सेंगर, निर्मल, चेष्ठा दीक्षित, नेहा सिंह, कल्पना निगम, साक्षी दीक्षित, खुशी सिंह, संघमित्रा, बीनेश, अजय वीर सिंह और भरत कुमार मौजूद रहे।

इगलास। अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले इगलास सीएचसी में रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में 28 लोगों ने रक्तदान कर लोगों को जागरूक किया। शिविर का शुभारंभ अधीक्षक डॉ. ज्योति शर्मा व सीएचसी बेसवां के अधीक्षक डॉ. मनोज चतुर्वेदी ने किया। उन्होंने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन की पहल सराहनीय है। कस्बे के डॉक्टर, पुलिस कर्मियों के साथ अन्य लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले गौरव शर्मा, देवराज, अभिषेक, योगेंद्र नगाइच, मोहित बंसल, संतोष अग्रवाल, सोनू, प्रवीण प्रकाश गौड़, गोपाल कृष्ण, डॉ. दुष्यंत कुमार, डॉ. राहुल गुप्ता, शिवप्रकाश गौड़, लव कुमार चतुर्वेदी, चंद्र प्रकाश, राजकिशोर उपाध्याय, ललित कुमार, डॉ. बहादुर सिंह, अर्जुन, डॉ. मनोज चतुर्वेदी, विशाल उपाध्याय, विक्रमजीत, भारती सक्सेना, व्यवसायी प्रमोद अग्रवाल, तारावती अग्रवाल व अन्य थे। शिविर में रक्त संग्रह के लिए मलखान सिंह से डॉ. नूरा, अक्षय कुमार सेंगर, शुभम, प्रीति, अरविंद, नितिन व प्रीतम शामिल रहे।

सहपऊ। गांव समदपुर के आंगनबाड़ी केंद्र पर अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 112 बच्चों की सेहत जांची गई। बच्चों की उम्र एवं लंबाई के अनुसार वजन, आंख, नाक-कान, गला, हृदय की धड़कन एवं पल्स रेट की जांच की गई। सभी बच्चे स्वस्थ मिले। इस दौरान डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. राजेश, डॉ. आशा मितरा, डॉ. नीलम, रजनी, आंगनबाड़ी केंद्र से मधुर, विवेक एवं सुमन मौजूद रहीं।
चंडीगढ़। महिला क्रिकेट विश्व कप की गूंज के बीच चंडीगढ़ की युवा महिला क्रिकेटरों में भी उत्साह चरम पर है। नेट्स पर पसीना बहा रही शहर की बेटियों की आंखों में अब एक ही सपना है-टीम इंडिया की नीली जर्सी। इस सपने को नई उड़ान दी है शहर की बेटी और भारतीय टीम की तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने, जिनकी सफलता युवा क्रिकेटरों के लिए मिसाल बन गई है। क्रिकेट में बेटियां खूब चौके-छक्के मार रही हैं। हालांकि इन सपनों के साथ एक टीस भी जुड़ी है। खिलाड़ियों का कहना था कि यूटी क्रिकेट एसोसिएशन बनने के बाद सुविधाओं में सुधार जरूर हुआ है लेकिन अभी भी लड़कियों को लड़कों के बराबर अवसर और संसाधन नहीं मिल पा रहे हैं। जहां लड़कों को बेहतर स्टेडियम और आधुनिक सुविधाएं मिलती हैं, वहीं लड़कियां आज भी सीमित संसाधनों के बीच अपनी मंजिल तलाशने को मजबूर हैं। अमर उजाला अपराजिता कार्यक्रम में सेक्टर-9 में जुटीं चंडीगढ़ की वरिष्ठ और उभरती महिला क्रिकेटरों ने अपने अनुभव साझा किए। महिला क्रिकेटरों ने कहा कि अवसर और सुविधाएं बराबर मिलें तो वे साबित कर देंगी कि प्रतिभा किसी से कम नहीं है, बस उसे निखारने के लिए सही मंच की जरूरत है। सीपीएल में मंच न मिलने का मलाल युवा खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा निराशा चंडीगढ़ प्रीमियर लीग (सीपीएल) में महिला वर्ग को अपेक्षित मंच नहीं मिलने पर जताई। उनका कहना था कि चार टीमों वाली यह लीग महिला क्रिकेट के लिए बड़ा अवसर बन सकती थी। इससे खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मैच मिलते और नई प्रतिभाओं को पहचान बनाने का मौका मिलता। लड़कियों को सीमित विकल्पों में करना पड़ रहा अभ्यास इशाना चड्ढा और प्रियंका ने कहा कि जहां लड़कों को अभ्यास के लिए बेहतर स्टेडियम और सुविधाएं मिलती हैं, वहीं लड़कियों को सीमित विकल्पों में अभ्यास करना पड़ता है। ट्विंकल पाठक, यशिका साहनी और इशाना ने मांग की कि महिला खिलाड़ियों को भी अच्छे और समतल मैदान उपलब्ध कराए जाएं ताकि चोट का खतरा कम हो और प्रदर्शन बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से ही अगली नंदिनी शर्मा निकलेंगी। नंदिनी की सफलता युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा अंडर-15 और अंडर-17 खिलाड़ी अदिति श्योराण ने कहा कि नंदिनी शर्मा जैसी खिलाड़ियों की सफलता युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इससे यह भरोसा बढ़ता है कि चंडीगढ़ से भी राष्ट्रीय टीम तक पहुंचा जा सकता है। वहीं अंडर-19 खिलाड़ी मानवी का कहना है कि प्रतिभा को निखारने के लिए सुविधाओं के साथ-साथ नियमित और अधिक प्रतिस्पर्धी मैचों का आयोजन भी जरूरी है। युवा क्रिकेटरों ने कहा है कि अगर उन्हें बेहतर मैदान, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और पर्याप्त मैच मिलें तो चंडीगढ़ से भविष्य में और भी नंदिनी शर्मा निकल सकती हैं। विश्व कप के माहौल ने इन बेटियों के सपनों को नई उड़ान दी है, अब जरूरत उन सपनों को साकार करने के लिए मजबूत मंच और अवसर देने की है। सोनाक्षी और लावन्या जैसी युवा खिलाड़ियों ने भी ट्रायल और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अपनी राय रखी।

कानपुर। अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता अभियान के तहत उत्कर्ष नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज परसौली गल्ला मंडी में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। योगाचार्य एचपी सिंह, सहयोगी शिवांगी और पारुल ने जीएनएम, बीएससी नर्सिंग व पैरामेडिकल छात्राओं को अनुलोम-विलोम, कपालभाति, बटरफ्लाई व ताड़ासन का अभ्यास कराया तथा योग के लाभ बताए। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है और तनाव कम होता है। कार्यक्रम में कॉलेज के चेयरमैन डॉ. राजेश त्रिवेदी, डायरेक्टर डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी, डॉ. यशस्वनी त्रिवेदी व प्राचार्य इंद्रावती चतुर्वेदी मौजूद रहीं। अतिथियों ने छात्राओं को योग को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।